Gajar ka Halwa
गाजर का हलवा अधिक स्वादिष्ट बनाने की विधि – Gajar Ka Halwa
सर्दी का एक शानदार व्यंजन या मिठाई है।
गाजर का हलवा सभी के दिल पर राज करता है। गाजर लाभदायक होती है और फैट यानि दूध घी के साथ पकने से इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते है। सर्दियों में गाजर का आनन्द अपनी-अपनी पसंद से सभी लेते है। किसी को इसकी सब्जी , किसी को सूप , किसी को जूस , किसी को सलाद पसंद आता है। लेकिन गाजर के स्वादिष्ट हलवे की बात ही कुछ और है।
गाजर के हलवे की विधि Gajar ke halwe ki Recipe .
गाजर का हलवा आँखों के स्वास्थ्य और दिमागी शक्ति के लिए बहुत ही गुणकारी होता है। पढाई करने वाले छात्रों के लिए यह पौष्टिक नाश्ते का एक बहुत अच्छा विकल्प हो सकता है , अतः उन्हें जरूर खाना चाहिए।
गाजर का हलवा मावा डालकर ( इंस्टेंट कुकर में ) या बिना मावा डाले बनाया जा सकता है। नीचे दोनों तरह की विधि बताई गई है। अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी विधि से हलवा बना सकते है। मुझे पहली विधि से बना हलवा अधिक पसंद आता है। गाजर का हलवा बनाने की सामग्री
Gajar Ka Halwa Samagri
गाजर 1 किग्रा (7-8) दूध 1 किग्रा शक्कर 250 ग्राम घी 2 बड़े चम्मच छोटी इलायची 6 -7 पिसी हुई मेवे
– काजू , बादाम , पिस्ता , किशमिश ( अपनी पसंद के अनुसार ) गाजर का हलवा बनाने की विधि Gajar Ka Halwa Vidhi
— गाजर का हलवा बनाने के लिए ताजा और थोड़ी मोटी गाजर लें ताकि कसने में आसानी रहे।
— गाजर को पानी से बहुत अच्छी तरह धो ले। — अब गाजर को कददू कस कर ले।
— एक बड़ी कढ़ाई में दूध डालें। इसमें कसी हुई गाजर भी डाल दें।
— तेज आँच पर पकाये।
— एक बार उबाल आने के बाद मीडियम आंच पर पकने दे व बीच -बीच में हिलाते रहे।
— इस तरह हिलाते रहने से दूध का मावा बन जाता है।
— तब तक पकने दें जब तक कि दूध पूरी तरह सूख न जाए यानि बर्तन में नीचे बिल्कुल भी पानी नजर नहीं आना चाहिए।
— इसमें एक चम्मच घी डालकर मिला दें।
— इसमें शक्कर डालकर मिला दें। शक्कर डालने के बाद हलवे में पानी हो जाता है।
— इसे गैस पर तेज आँच पर हिलाते हुए पका ले।
— पकने के बाद हलवे का पानी सूखने लगता है तब बचा हुआ एक चम्मच घी भी डाल दें।
— हलवे में शक्कर का पानी पूरी तरह सूखने पर घी छूट जाए तब गैस बंद कर दे।
— अब हलवे में इलायची पाउडर डालकर मिला दें। काजू , बादाम , किशमिश आदि अपनी पसन्द के अनुसार मेवे डाले। गाजर का हलवा तैयार है।
मेवो से सजा गरमा गरम सर्व करे। इंस्टेंट गाजर का हलवा कुकर में बनाने की विधि इंस्टेंट गाजर का हलवा बनाने की सामग्री गाजर 1 किग्रा दूध 1 कप मावा 250 ग्राम शक्कर 250 ग्राम घी 1 बड़ा चम्मच हरी इलायची 5 -6 मेवे – अपनी पसन्द के अनुसार इंस्टेंट गाजर का हलवा बनाने की विधि
— गाजर का हलवा बनाने के लिए ताजा , मोटी , लाल गाजर धोकर कददू कस कर लें।
— एक प्रेशर कुकर में दूध व कददूकस की हुई गाजर डालकर ढक्कन लगा कर गैस पर चढ़ाए।
— मावे को कढ़ाई में अलग से सेक कर रख ले।
— एक सीटी आने पर गैस तुरन्त बन्द कर दे व सिटी को धीरे- धीरे ध्यान पूर्वक उठाकर सारी भाप निकाल दे और प्रेशर कुकर का ढक्कन खोल दे।
— कुकर को वापस गैस पर तेज आँच पर रखे व मावा डाल कर हिलाते हुए पकाये।
— जब सारा पानी सूख जाए तब शक्कर डालते कर हिलाते हुए पकाये।
— अब इसमें घी डालकर पकाये। जब घी अलग दिखने लगे तब गैस बन्द कर दे।
— इलायची व मेवे डालकर मिक्स करे।
— मेवो से सजा कर गरमा गरम हलवा सर्व करे।
गाजर का हलवा टिप्स – Gajar ka halwa tips
— गाजर के हलवे में कई बार किरकिरी आ जाती है इसीलिए गाजर को बहुत अच्छी तरह से धोए। रेशे वाली जगह से गाजर को पीलर से छील लें। — गाजर का हलवा बनाने के लिए फुलक्रीम दूध का उपयोग अच्छा रहता है। अन्यथा टोन्ड मिल्क भी ले सकते है। — हलवे को कढ़ाई में बार बार हिलाना चाहिए अन्यथा तली में चिपक सकता है और स्वाद खराब हो सकता है।
— गाजर के हलवे में से सारा दूध सूखने पर ही शक्कर डालनी चाहिए। जरा सा भी पानी नजर नहीं आना चाहिए । इस वक्त हलवे को लगातार हिलाने की आवश्यकता पड़ती है।
— शक्कर डालने के बाद जब हलवा वापिस गाढ़ा हो जाये और घी छूटने लगे तो इसके बाद गैस बंद कर देनी चाहिए अन्यथा अधिक देर पकने पर हलवा चीठा (chewy ) हो जाता है। — हरी इलायची के दाने जब इलायची डालनी हो तभी पीसे। इससे फ्लेवर अच्छा आता है।
— मावे की सिकाई अच्छे से करें। कुछ लोग मावे को खोया भी कहते है।